संकल्प से सेवा अभियान के तहत चितरंगी के सामुदायिक भवन में सेवा सेतु मेगा शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री राधा सिंह ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई तथा पात्र आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया।
राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि सेवा सेतु अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और लोक सेवाओं को नागरिकों के करीब पहुंचाना है, ताकि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य कैम्प भी लगाया गया, जहां नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं आवश्यक प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम में चितरंगी उपखंड अधिकारी देवेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार नागेश्वर पनिका, मुख्य कार्यपालन अधिकारी मान सिंह सैयाम एवं मंडल अध्यक्ष अजय द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा सेतु शिविर के माध्यम से शासन की योजनाओं और लोक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के साथ ‘सरकार आपके द्वार’की भावना को साकार करने का प्रयास किया गया।

वर्ल्ड इनफॉरमेशन न्यूज़ से संवाददाता विवेक कुमार द्विवेदी की खास रिपोर्ट
