चितरंगी के खिरवा प्राथमिक विद्यालय में पत्रकारों की टीम पहुंची तो सामने आई शिक्षकों की गैरहाजिरी, जांच और कार्रवाई की मांग
सिंगरौली जिले के चितरंगी ब्लॉक अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय खिरवा में शनिवार सुबह शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए। पत्रकारों की टीम करीब 10:40 बजे विद्यालय पहुंची, लेकिन मौके पर दो सरकारी शिक्षक मौजूद नहीं मिले।
मौके पर मौजूद अतिथि शिक्षक से जानकारी लेने पर बताया गया कि विद्यालय में दो सरकारी शिक्षक और दो अतिथि शिक्षक पदस्थ हैं। मौके पर अनुपस्थित बताए गए सरकारी शिक्षकों में शिवाकांत जायसवाल, प्रभारी प्राथमिक प्राध्यापक खिरवा एवं राकेश शर्मा शामिल हैं।
करीब 10:45 बजे एक अतिथि शिक्षिका विद्यालय पहुंचीं। पत्रकारों ने उनसे शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर सवाल किया, जिस पर उन्होंने अटेंडेंस लगाने की बात कही। हालांकि, उस समय तक दोनों सरकारी शिक्षक विद्यालय में मौजूद नहीं थे।
पत्रकारों की टीम करीब 10:50 बजे तक विद्यालय में रही, लेकिन तब तक दोनों सरकारी शिक्षक विद्यालय परिसर में उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद वे विद्यालय पहुंचे या नहीं, इसकी जानकारी मौके पर मौजूद पत्रकारों को नहीं हो सकी।
शिक्षकों की गैरहाजिरी से व्यवस्था पर सवाल
विद्यालय में निर्धारित समय के दौरान सरकारी शिक्षकों की अनुपस्थिति बच्चों की पढ़ाई और स्कूल की व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की समय पर उपस्थिति बच्चों की शिक्षा के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
रिकॉर्ड की जांच से सामने आएगी वास्तविक स्थिति
मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग है कि संबंधित दिन के उपस्थिति रजिस्टर, उपस्थिति रिकॉर्ड और विद्यालय के निर्धारित समय की जांच कराई जाए। यदि जांच में बिना अनुमति अनुपस्थिति या लापरवाही की पुष्टि होती है तो संबंधित शिक्षकों की जिम्मेदारी तय कर नियमों के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब सवाल यह है कि खिरवा विद्यालय में सामने आई शिक्षकों की अनुपस्थिति पर शिक्षा विभाग क्या कदम उठाता है? क्या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा मौके की जांच कराई जाएगी या मामला सिर्फ शिकायत और जवाब-तलब तक सीमित रहेगा?

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी
