नायब तहसीलदार की मनमानी या प्रशासनिक लापरवाही? स्कूल के मुख्य गेट पर खोद दिया 25 मीटर लंबा नाला, बच्चे घरों में कैद

सीधी। चुरहट तहसील क्षेत्र के टीकट कला स्थित साईं ज्योति इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों का आवागमन पिछले तीन दिनों से बाधित होने का मामला सामने आया है। स्कूल प्रबंधन का आरोप है कि सरपंच और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में स्कूल के मुख्य गेट से बाउंड्री तक करीब 25 मीटर लंबा और 1.5 मीटर चौड़ा नाला खोद दिया गया, जिसके बाद बच्चों और स्कूल वाहनों के आने-जाने का रास्ता बंद हो गया।
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, नाला खोदते समय आपत्ति जताने पर अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया था कि जल्द ही पाइप डालकर नाले को पाट दिया जाएगा और आवागमन बहाल कर दिया जाएगा। हालांकि, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि तीन दिन बीतने के बावजूद न तो पाइप डाला गया और न ही छात्रों एवं स्कूल वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था की गई।


स्कूल बंद, अभिभावकों में बढ़ रहा आक्रोश
रास्ता बाधित होने के कारण स्कूल का संचालन प्रभावित होने की बात कही जा रही है। अभिभावकों का आरोप है कि खुले नाले के कारण स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि यदि कोई बच्चा नाले में गिरता है अथवा कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
स्कूल प्रबंधन द्वारा नायब तहसीलदार और टीकट कला सरपंच से संपर्क करने पर कथित तौर पर दोनों ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद अभिभावकों में नाराजगी और बढ़ गई है।


आज ही व्यवस्था नहीं हुई तो चकाजाम’ की चेतावनी
अभिभावकों ने प्रशासन से मांग की है कि तत्काल नाले में पाइप डालकर उसे सुरक्षित तरीके से बंद किया जाए, ताकि बच्चे बिना जोखिम के स्कूल आ-जा सकें। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द रास्ता बहाल नहीं किया गया तो वे चकाजाम और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
अब बड़ा सवाल यह है कि स्कूल परिसर के मुख्य आवागमन मार्ग पर नाला खोदने के बाद उसे सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? प्रशासन इस मामले में कब तक कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी।

संवाददाता :- विवेक कुमार द्विवेदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *