पलेरा थाना क्षेत्र के ग्राम काशीपुरा में एक महिला के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। दबंगों द्वारा अंतिम संस्कार रोके जाने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने मौके पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पलेरा थाना प्रभारी प्रीति भार्गव और तहसीलदार पलक जैन पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं और स्थिति को संभालने में जुट गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, काशीपुरा निवासी लाड़ कुंवर अहिरवार (90 वर्ष) का बीते रविवार दोपहर करीब 3:00 बजे निधन हो गया था।सोमवार को जब परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव स्थित मुक्तिधाम लेकर पहुंचे, तो वहां दबंगों ने उन्हें रोक दिया और अंतिम संस्कार नहीं करने दिया।इस बात से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। 40-50 वर्षों से यहीं हो रहा अंतिम संस्कार मामले में दूसरे पक्ष का दावा है कि जिस जगह मुक्तिधाम बना है, वह उनकी निजी जमीन है।वहीं, दूसरी ओर ग्रामीणों का कहना है कि वे बीते लगभग 40 से 50 वर्षों से इसी स्थान पर गांव के लोगों का अंतिम संस्कार करते आ रहे हैं।घटना स्थल पर तनाव की स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी प्रीति भार्गव और तहसीलदार पलक जैन ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की।प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राजस्व अभिलेखों की जांच की जा रही है और ग्रामीणों की मौजूदगी में महिला का अंतिम संस्कार कराने का प्रयास जारी है।

