क्षतिग्रस्त ऐशडाईक में फ्लाईएश निस्तारण पर तत्काल रोक: गौरव

कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में रिलायंस सासन पावर के ऐशडाईक के मरम्मत कार्य की प्रगति एवं ऐशडाईक से प्रभावित क्षेत्र में किए जा रहे पुनरुद्धार कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में कलेक्टर ने क्षतिग्रस्त ऐशडाईक में फ्लाईऐश के निस्तारण पर तत्काल प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फ्लाईऐश का निस्तारण अन्य ऐशडाईक में किया जाए तथा इसके सुरक्षित प्रबंधन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, भोपाल द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऐशडाईक का मरम्मत कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंडों के अनुसार पूर्ण कराया जाए। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी रतिभान ठाकुर को निर्देश दिए कि संबंधित ऐशडाईक में चल रहे मरम्मत कार्य का भौतिक सत्यापन कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
आज भोपाल से आएगा ऐशडाईक का निरीक्षण करने जांच दल
कलेक्टर ने बताया कि कल 3 सितम्बर को भोपाल से आने वाले जांच दल द्वारा ऐशडाईक का निरीक्षण कर उसकी स्थिरता संबंधी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जांच रिपोर्ट में ऐशडाईक की संरचना अथवा निर्माण में किसी प्रकार की तकनीकी खामी सामने आती है, तो संबंधित कंपनी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। कलेक्टर ने ऐशडाईक क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित क्षेत्र में किए जा रहे पुनरुद्धार कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रभावित नागरिकों का सर्वे शीघ्र पूर्ण कर उनकी फसलों एवं अन्य क्षतियों का आकलन करते हुए समय पर क्षतिपूर्ति राशि उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रभावित खेतों का मृदा परीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार भूमि का पुनरुद्धार कर आगामी फसल की बुवाई से पूर्व खेतों को तैयार कराने के निर्देश दिए।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *