डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला के घर में घुसने वाले युवा कांग्रेस पदाधिकारियों के खिलाफ पुलिस ने गैरजमानती धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब यदि कांग्रेस के नेता पुलिस की पकड़ में आए तो जेल से जल्दी छूट नहीं पाएंगे। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के अमहिया स्थित आवास में युवा कांग्रेस द्वारा अवैध प्रवेश करने और हंगामे के विरोध में सोमवार को भाजपाईयों में व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला। घटना के विरोध में हजारों समर्थक सड़क पर उतर आये। विवेकानंद पार्क में एकत्रित होकर समर्थक पैदल मार्च कर आईजी कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। इसके बाद अमहिया थाना में युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई।
इन पर दर्ज हुई एफआईआर, ये लगी धाराएं
आईजी गौरव राजपूत को ज्ञापन सौंपन के कुछ मिनट बाद ही अमहिया थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शिकायतकर्ता चेतन सिंह तिवारी 38 वर्ष निवासी पाण्डेन टोला के आवेदन पर पुलिस ने धारा 190, 191(2), 296(बी), 333, 324(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इस एफआईआर में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी अभिषेक परमार, रोहन जान, रवि सुमित सिंह, जिला अध्यक्ष अनूप सिंह चंदेल, एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंजुल त्रिपाठी समेत अन्य का नाम शामिल हैं।
युवा कांग्रेस ने तोड़ी थी मर्यादा
लचर स्वास्थ्य व्यवस्था और संजय गांधी अस्पताल में हुई कल्पना मिश्रा की मौत के मामले को लेकर यूथ कांग्रेस ने हंगामा किया था। अमहिया स्थिति डिप्टी सीएम के आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इसके बाद घर के अंदर जबरन घुस गये थे। इसी मामले को लेकर भाजपा ने आईजी कार्यालय घेरा। मामले की निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग की गई।

