विधानसभा क्षेत्र चितरंगी के कोरावल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कुलकवार में सड़क की बदहाल स्थिति अब ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। प्रधानमंत्री रोड कोल्डीहा से करौंदिया मार्ग को नेशनल हाईवे 135C प्रयागराज-सिंगरौली मार्ग में हस्तांतरित किए जाने के बाद भी सड़क की हालत में सुधार नहीं होने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।
ग्रामीणों के मुताबिक लेदपुरवा से कुलकवार तक सड़क की हालत अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों और शिक्षकों को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई बार सड़क की स्थिति सुधारने की मांग सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन तक पहुंचाई गई, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें किसी भी स्तर से अपेक्षित कार्रवाई देखने को नहीं मिली।
जब सिस्टम नहीं जागा तो ग्रामीणों ने उठाया बीड़ा
प्रशासन की ओर से कार्रवाई का इंतजार करते-करते आखिरकार ग्रामीणों ने स्वयं सड़क सुधारने का निर्णय लिया। लेदपुरवा और कुलकवार के ग्रामीणों से आर्थिक सहयोग जुटाकर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जा रहा है।
ग्रामीणों की इस पहल को क्षेत्र में सामाजिक एकजुटता की मिसाल माना जा रहा है।

सड़क निर्माण/मरम्मत कार्य में श्री रामाधार सिंह (नेता जी), जगदीश वैश्य, चंद्रदेव सिंह (सेल्समैन), रमाशंकर सिंह, नंदगोपाल सिंह, करन सिंह, अंकित सिंह, शिवशंकर सिंह (कप्तान), अंगद सिंह, रामकृष्ण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का योगदान बताया गया है।
सवालों के घेरे में व्यवस्था
ग्रामीणों का कहना है कि जिस सड़क पर रोजाना स्कूली बच्चे, शिक्षक और आम नागरिक आवागमन करते हैं, उसकी मरम्मत के लिए उन्हें खुद आर्थिक सहयोग करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि सड़क हस्तांतरण के बाद इसकी देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी किस विभाग की है और ग्रामीणों को सरकारी व्यवस्था से राहत कब मिलेगी?
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए सड़क की स्थायी मरम्मत की दिशा में ठोस कदम उठाएगा, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और स्कूली बच्चों को परेशानी न उठानी पड़े।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी
