लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नगर पालिक निगम सिंगरौली के राजीव वार्ड क्रमांक-39 स्थित शर्मा कॉलोनी में एक मकान धराशायी हो गया। मकान गिरने की घटना से प्रभावित परिवार के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
जानकारी के अनुसार मकान नाजमीन पति मंसूर आलम का बताया जा रहा है। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मकान गिरने की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अमित यादव मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवार से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का स्थल निरीक्षण करते हुए परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर प्रभावित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। अमित यादव ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का तत्काल सर्वे कराकर नियमानुसार राहत राशि और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

