एनसीएल खदान और एनटीपीसी कॉलोनी की ओर से आने वाला पानी बलिया नाला के रास्ते ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। लगातार बारिश के बीच सड़क पर जलभराव और फिसलन से इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं, जबकि वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी बना हुआ है।
हर साल बारिश में वही समस्या, स्थायी समाधान कब
बलिया नाला क्षेत्र में बारिश के दौरान जलभराव कोई नई समस्या नहीं है। हर साल बारिश के मौसम में यहां सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित होता है। इसके बावजूद समय रहते जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने पर अब सवाल उठ रहे हैं।
बारिश से पहले यहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन निर्माण की धीमी गति के कारण बारिश आने तक काम पूरा नहीं हो सका। अधूरे निर्माण और जलभराव के बीच लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
ग्रामीण क्षेत्र की सड़क पर कब मिलेगा ध्यान
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या से परिचित होने के बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कॉलोनी और टाउनशिप क्षेत्र में सड़क खराब होने पर तत्काल मरम्मत कराई जाती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाता है।
इसी को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि जिम्मेदार अधिकारियों और उनके परिवारों को भी रोजाना इसी रास्ते से गुजरना पड़ता, तो शायद समस्या के समाधान की गति कुछ और होती।
हादसे से पहले समाधान की मांग
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बलिया नाला क्षेत्र में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए। साथ ही अधूरे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य भी तेजी से पूरा कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान लोगों को बार-बार इस परेशानी का सामना न करना पड़े।
हालांकि, प्रशासन स्तर पर जलभराव वाले स्थानों से लोगों को दूरी बनाए रखने और सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद सवाल यही है कि क्या हर बारिश में सिर्फ सावधानी की अपील ही काफी है, या बलिया नाला की समस्या का स्थायी समाधान भी किया जाएगा

