सिंगरौली | जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय जियावन में हेडमास्टर द्वारा दो छात्राओं के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। छात्राओं का कसूर सिर्फ इतना था कि वे बार-बार स्कूल का मेन गेट खोल और बंद कर रही थीं। पुलिस ने पीड़ित छात्राओं की शिकायत पर आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,
पीड़ित दोनों बालिकाएं कक्षा 6वीं में पढ़ती हैं। आरोप है कि शनिवार को पढ़ाई के दौरान छात्राएं विद्यालय के मुख्य द्वार को बार-बार खोल-बंद कर रही थीं। इस बात से नाराज होकर प्रधानाध्यापक इन्द्रजीत सोनी ने आपा खो दिया और दोनों छात्राओं की बेरहमी से पिटाई कर दी।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला।
घटना के बाद सहमी छात्राओं ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई। जियावन पुलिस ने प्रधानाध्यापक इन्द्रजीत सोनी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2) और किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की धारा 75 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
अस्पताल भेजा गया मेडिकल के लिए
पुलिस ने दोनों छात्राओं को चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) के लिए देवसर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और मामले की विस्तृत जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभिभावकों में भारी आक्रोश।
घटना के सामने आने के बाद से ही छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में काफी आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि स्कूल में बच्चों को शिक्षा और सुरक्षा का माहौल मिलना चाहिए। अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ शारीरिक हिंसा किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभिभावकों ने आरोपी हेडमास्टर के खिलाफ कड़ी से कड़ी विभागीय और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

