शासकीय प्राथमिक शाला बेलौही में पदस्थ शिक्षक राजू कोल को ई-अटेंडेंस में लापरवाही बरतने के मामले में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सिंगरौली ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस 22 अगस्त 2026 को जारी किया गया है।
नोटिस में उल्लेख किया गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा नियमित रूप से ई-अटेंडेंस मार्क करने के निर्देश दिए गए हैं। एजुकेशन पोर्टल 3.0 से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार संबंधित शिक्षक द्वारा स्कूल प्रारंभ होने के बाद एक दिन तक ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं किया गया।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने इसे शासन के निर्देशों का गंभीर उल्लंघन बताते हुए कहा है कि शिक्षक के लिए शैक्षणिक गतिविधियों के दौरान ई-अटेंडेंस दर्ज करना अनिवार्य है। नोटिस में मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई योग्य कृत्य होने का उल्लेख किया गया है।
3 दिन में देना होगा जवाब
नोटिस के माध्यम से संबंधित शिक्षक से पूछा गया है कि ई-अटेंडेंस दर्ज नहीं किए जाने का कारण स्पष्ट करते हुए अपना प्रतिवाद प्रस्तुत करें। उन्हें नोटिस प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षक का यह कोई पहला मामला नहीं
शिक्षक राजू कोल का यह कोई पहला मामला नहीं है इसके पहले भी शिक्षक स्कूल मे सोते हुये पाए गए है जिसका वीडियो virol हुआ था।

नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय-सीमा में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया अथवा जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो संबंधित शिक्षक के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षक की होगी।
मामले की प्रतिलिपि आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय, कलेक्टर सिंगरौली, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिंगरौली, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण रीवा संभाग तथा संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी को भी भेजी गई है।

ब्यूरो चीफ : आशीष सोनी
