संतान सुख को महिलाओं ने रखा व्रतशिवधाम मंदिर वैढ़न में श्रद्धा-भक्ति के साथ मना ललही छठ

संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु एवं मंगलमय जीवन की कामना के पावन पर्व हलषष्ठी ललही छठ के अवसर पर आज बुधवार को शिवधाम मंदिर बैढ़न में श्रद्धा और भक्तिभाव का अनुपम वातावरण देखने को मिला।
इस पावन अवसर पर अनेको व्रती महिलाओं ने विधि-विधान पूर्वक हलषष्ठी माता का पूजन-अर्चन कर अपनी संतानों के सुख, स्वास्थ्य, समृद्धि एवं दीर्घायु की मंगलकामना की। पूजन-अनुष्ठान शिवधाम मंदिर बैढ़न के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एनपी मिश्र के आचार्यत्व में संपन्न हुआ। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन श्रद्धापूर्वक व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण के ज्येष्ठ भ्राता बलराम जी से संबंधित इस पावन पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना की तथा पारंपरिक विधि से हलषष्ठी माता का स्मरण किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्ति एवं आस्था का वातावरण बना रहा। महिलाओं ने संतान की रक्षा, उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु तथा परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। पूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा मंदिर परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। साथ ही आगे बताया कि हलषष्ठी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में यह व्रत मातृत्व की श्रद्धा, संतान के प्रति वात्सल्य और परिवार के मंगल की कामना का प्रतीक है। श्रद्धा एवं नियमपूर्वक किया गया व्रत मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है और हमारी लोकपरंपराओं एवं धार्मिक संस्कारों को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। पूजन के उपरांत व्रती महिलाओं ने विधि-विधान के साथ पूजन संपन्न कर संतान सुख, दीर्घायु एवं परिवार के मंगल की कामना की और हलषष्ठी माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *