बस स्टैंड,सब्जी मंडी,काली मंदिर मार्ग में अतिक्रमण पर कार्रवाईनगर निगम का अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी

ननि आयुक्त सविता प्रधान के निर्देशानुसार शहर को सुव्यवस्थित एवं यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा।
ननि उपायुक्त आरपी बैस के नेतृत्व में निगम अमले द्वारा बस स्टैंड, सब्जी मंडी, काली मंदिर एवं वंदना हॉस्पिटल के आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे तथा नालियों के ऊपर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान बस स्टैंड परिसर, काली मंदिर मार्ग एवं वंदना हॉस्पिटल के आसपास दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैलाए गए अस्थायी निर्माण, ठेले, गुमटियां एवं अन्य अतिक्रमण हटाकर सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। ननि अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाने पर ननि द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ननि अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक मार्गों एवं नालियों पर किए गए अतिक्रमण के कारण आमजन को आवागमन में असुविधा होने के साथ यातायात भी बाधित हो रहा था। अभियान के माध्यम से सड़कों एवं नालियों को अतिक्रमणमुक्त कर शहर में सुगम आवागमन एवं बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी बीजी चतुर्वेदी, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, डीके सिंह, अनुज सिंह सहित ननि के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *