11 हरे गांजे के पौधे जब्त, 8.200 किलो वजन और करीब ₹1.20 लाख कीमती; आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट में मामला दर्ज
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘प्रहार अभियान’ के तहत चितरंगी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए घर की बाउंड्री के अंदर उगाए गए गांजे के 11 हरे पौधे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त गांजे के पौधों का कुल वजन 8 किलो 200 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नौगई सेकंड निवासी रज्जू केवट ने अपने घर की बाउंड्री के पीछे गांजे के पौधे लगा रखे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी ने NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत पुलिस टीम गठित कर मौके पर रवाना किया।
बाउंड्री के अंदर छिपाकर उगा रहा था गांजा
पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर आरोपी रज्जू उर्फ राजेश्वर केवट, पिता अभिलाष उर्फ बनवारी केवट, उम्र 37 वर्ष, निवासी नौगई सेकंड, थाना चितरंगी के घर के पीछे स्थित बाउंड्री के अंदर तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को गांजे के 11 हरे पौधे बरामद हुए।
मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का यह कृत्य NDPS एक्ट की धारा 8 एवं 20(ए) के अंतर्गत पाया गया।

अपराध दर्ज, विशेष न्यायालय में पेश
पुलिस टीम आरोपी को लेकर थाने पहुंची, जहां अपराध क्रमांक 441/2026 के तहत धारा 8, 20(ए) NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायालय NDPS कोर्ट के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. (भा.पु.से.) के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंह (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चितरंगी ललित बैरागी की निगरानी में चलाए जा रहे अवैध मादक पदार्थों और ड्रग तस्करों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उनि. उग्रभान वर्मा, आरक्षक मुकेश पाण्डेय, सउनि. सतीश दीक्षित एवं महिला आरक्षक उमा शुक्ला की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

