कलश यात्रा के साथ रामलीला मैदान बैढ़न में शुरू हुई दिव्य शिव महापुराण कथा, प्रथम दिवस उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

श्री नारायण सेवा समिति एवं संयुक्त व्यापार मंडल बैढ़न द्वारा रामलीला मैदान बैढ़न में आयोजित दिव्य शिव महापुराण कथा का शुभारंभ आज बुधवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। राष्ट्रीय संत श्री लवदास जी महाराज के पावन सानिध्य एवं मुखारविंद से कथा का रसपान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा के प्रथम दिवस ही रामलीला मैदान में श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
गुरुदेव ने शिव पुराण के माध्यम से बताया कि भगवान शिव की महिमा अनंत है और उनका स्मरण एवं पूजन मनुष्य के जीवन को पवित्रता और सद्मार्ग की ओर ले जाता है। उन्होंने बताया कि कलियुग में शिव पुराण का श्रवण मात्र भी अत्यंत पुण्यदायी माना गया है और भगवान शिव की कथा सुनने से पापों का क्षय एवं जीव का उद्धार होता है। महाराज जी ने कथा के माध्यम से ऐसे प्रसंगों का वर्णन किया, जिनमें कलियुग में भी पाप कर्मों में लिप्त मनुष्यों ने शिव पुराण का श्रवण कर अपने जीवन में परिवर्तन किया और भगवान शिव की कृपा प्राप्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं को समझाया कि भगवान शिव आशुतोष हैं और सच्चे मन से की गई भक्ति को सहज ही स्वीकार करते हैं। इस अवसर पर भारी संख्या में श्रोतागण कथा का श्रवण किये।

शिवधाम मंदिर से रामलीला मैदान तक निकली भव्य कलश यात्रा
कथा शुभारंभ से पूर्व शिवधाम मंदिर से रामलीला मैदान बैढ़न तक कलश यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और भगवान शिव के जयकारों के बीच मातृशक्तियों ने सिर पर पवित्र कलश धारण कर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजायमान रहा। श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर होकर भगवान भोलेनाथ की आराधना करते हुए कथा स्थल तक पहुंचे। कथा स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं मंगलाचरण के पश्चात राष्ट्रीय संत श्री लवदास जी महाराज ने शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया। प्रथम दिवस गुरुदेव ने श्रद्धालुओं को शिव पुराण के माहात्म्य का विस्तारपूर्वक श्रवण कराया। वही हर-हर महादेव के जयघोष से रामलीला मैदान गूंजा उठा।

ब्यूरो चीफ आशीष सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *