24 घंटे बाद भी आशीष का सुराग नहीं, गोपद नदी में तलाश जारी

चितरंगी के कोरसर कोठार गांव की घटना; नदी किनारे खेलते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा, बारिश और तेज बहाव के बीच रेस्क्यू अभियान जारी

चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार निवासी 14 वर्षीय आशीष कुशवाहा, पिता नान्हू कुशवाहा, रविवार 23 अगस्त की शाम करीब 4 बजे गोपद नदी में डूब गया। हादसे के करीब 24 घंटे बाद भी आशीष का कोई सुराग नहीं लग सका है। पुलिस-प्रशासन, एसडीआरएफ रेस्क्यू टीम और ग्रामीण लगातार नदी में उसकी तलाश कर रहे हैं।

बताया गया कि आशीष अन्य बच्चों के साथ नदी किनारे खेल रहा था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। आशीष को डूबता देख साथ मौजूद बच्चों ने शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी। इसके बाद परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नदी में तलाश शुरू की।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची। लगातार बारिश के कारण गोपद नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और पानी का बहाव तेज है। ऐसे में रेस्क्यू टीम को तलाश अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद टीम लगातार संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है।

रेस्क्यू अभियान की कमान मेजर राम सिंह के नेतृत्व में टीम संभाल रही है। टीम में संजय सिंह, राजकुमार, लालप्रताप, बाबूलाल और बृजेश सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। एसडीआरएफ टीम के साथ पुलिस-प्रशासन और आसपास के ग्रामीण भी नदी के किनारे लगातार निगरानी और तलाश में सहयोग कर रहे हैं।

आशीष की तलाश के लिए सोनबरसा, वर्दी, बिछी, खैरा सहित आसपास के गांवों के लोगों से भी नदी किनारे अपने-अपने क्षेत्रों में नजर रखने की अपील की गई है। लोगों से कहा गया है कि नदी किनारे कपड़ा, चप्पल या कोई अन्य संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें और तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना दें।

आशीष के नदी में डूबने की खबर के बाद से कोरसर कोठार गांव में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीण भी परिवार के साथ खड़े होकर लगातार तलाश अभियान में सहयोग कर रहे हैं। बारिश और नदी के तेज बहाव के बीच परिजन और ग्रामीण आशीष के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।

सूचना के लिए संपर्क: 6264182599

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *