9 सूत्रीय जनहित मांगों को लेकर कलेक्टर से मिलने पहुंचे यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन मंगलवार को अपने अलग अंदाज के कारण चर्चा में रहा। कार्यकर्ता हाथों में गुलाब लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। गेट पर रोके जाने के बाद उन्होंने वहां मौजूद अधिकारी को गुलाब भेंट किया और शांतिपूर्ण तरीके से कलेक्टर से मिलने की अनुमति मांगी।
यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया ने कहा कि विरोध का उद्देश्य किसी से विवाद करना नहीं, बल्कि युवाओं, छात्रों, विस्थापित परिवारों और आमजन से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के सामने रखना है। गुलाब देकर यह संदेश दिया गया कि विरोध का रास्ता हिंसा नहीं, संवाद और लोकतंत्र है।
पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन
कलेक्टर कार्यालय की ओर से यूथ कांग्रेस के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को अंदर बुलाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर से मुलाकात कर 9 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा और जिले के युवाओं, छात्रों, विस्थापित परिवारों सहित आमजन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
कलेक्टर ने कार्यकर्ताओं के शांतिपूर्ण तरीके की सराहना करते हुए कहा कि सभी मांगों और मुद्दों को गंभीरता से देखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे अपनी समस्याओं और जनहित के विषयों को लेकर प्रशासन के सामने आते रहें। युवाओं के लिए संवाद का रास्ता खुला रहेगा।
कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर से कहा कि वे सिंगरौली के युवाओं के लिए सकारात्मक और आदर्श प्रशासनिक भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि युवा प्रशासन के साथ सकारात्मक संवाद के लिए तैयार हैं। इस पर कलेक्टर ने युवाओं से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
कई क्षेत्रों से पहुंचे युवा
कार्यक्रम में पूर्व युवा जिला अध्यक्ष सूर्य द्विवेदी, जिला महासचिव संजय पांडे, देवसर विधानसभा उपाध्यक्ष अमन सिंह, चितरंगी विधानसभा उपाध्यक्ष नारायण साहू, जिला महासचिव खलीफा पठान, सिंगरौली विधानसभा उपाध्यक्ष सचिन सिंह, मोरवा ब्लॉक अध्यक्ष शेखर सिंह, बालमुकुंद सिंह, पूर्व सांस्कृतिक प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष संध्या सिंह, राहुल पांडे, संजय शर्मा, विकास शर्मा, जिला महासचिव सूरज चतुर्वेदी, विवान राजा, शिवम, दानिश, फैयाज, प्रिंस, दीपक, अनिल राज, लवलेश सहित यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिंगरौली के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा, छात्र और अन्य दलों से जुड़े युवाओं ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि विरोध का तरीका भले बदला हो, लेकिन जनहित के मुद्दों को लेकर उनकी आवाज और मांगें कायम रहेंगी।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी
