स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में समारोह का फायनल रिहर्सल सम्पन्न हुआ। आगामी 15 अगस्त को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्य मंत्री श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
फायनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में होने वाली परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं अन्य निर्धारित गतिविधियों का निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अभ्यास कराया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम. ने रिहर्सल के दौरान परेड एवं समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित, व्यवस्थित एवं भव्य रूप से सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, परेड एवं आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समारोह में शामिल होने वाले पुलिस बल एवं अन्य दलों द्वारा की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, तहसीलदार सविता यादव, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, डीपीसी आर.एल. शुक्ला सहित पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, संबंधित अधिकारी एवं आयोजन दल के सदस्य उपस्थित रहे।

वर्ल्ड इनफॉरमेशन न्यूज़ से संवाददाता विवेक कुमार द्विवेदी की खास रिपोर्ट
