बोरिंग धंसने से बना गहरा गड्ढा, जल्द सुधार नहीं हुआ तो हो सकता है बड़ा हादसा

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 40 अंतर्गत शिव धाम मंदिर के बगल में 4R पार्क के सामने की गई बोरिंग अब हादसे को न्योता दे रही है। बरसात के कारण बोरिंग के आसपास की जमीन धंस गई है और ऊपर से महज पतली सीमेंट की परत दिखाई दे रही है, जबकि अंदर गहरा गड्ढा बन चुका है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक यह स्थान लोगों की आवाजाही वाले क्षेत्र में है। बोरिंग के धंसने से जमीन के अंदर बना गड्ढा ऊपर से स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे किसी राहगीर या बच्चे के अचानक उसमें गिरने का खतरा बना हुआ है। खासतौर पर बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नगर निगम द्वारा मौके का निरीक्षण कर बोरिंग को सुरक्षित तरीके से बंद नहीं कराया गया और आसपास बैरिकेडिंग नहीं की गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने तथा गड्ढे को भरवाकर स्थान को सुरक्षित कराने की मांग की है।

नागरिकों का कहना है कि प्रशासन को किसी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय पहले ही एहतियाती कदम उठाना चाहिए, ताकि संभावित हादसे को टाला जा सके।

वर्ल्ड इनफॉरमेशन न्यूज़ से संवाददाता विवेक कुमार द्विवेदी की खास रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *