
जन विश्वास शिविर में आम जनता को मिल रहे हैं कई लाभ: राधा
दूरस्थ बगदरा में पहुंचा प्रशासन,आयोजित हुआ तीसरा जन विश्वास शिविर
सिंगरौली । मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित किए जा रहे शिविरों की कड़ी में चितरंगी जनपद के दूरस्थ क्षेत्र बगदरा में जिले के तीसरे जन विश्वास शिविर का आयोजन किया गया। राज्यमंत्री राधा सिंह की उपस्थिति में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।
शिविर में आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई कर उनके निराकरण की कार्यवाही की गई। शिविर का शुभारंभ करते हुए राज्यमंत्री राधा सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आम जनता की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने, शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा शासन-प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान प्रारंभ किया है। उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुन रहा है और संबंधित विभागों के अधिकारियों द्वारा आवेदनों पर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। शिविर में जनपद सदस्य सुषमा सिंह, एसपी सियाज केएम, जिपं सीईओ जगदीश गोमे, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, डीईओ कविता त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

