सिंगरौली जिले के चितरंगी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर में लगातार बारिश के बीच रेहट नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पानी पुल को छूने लगा है, जिससे कोरसर सहित आसपास के गांवों में खतरा बढ़ गया है।
पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर में और बढ़ोतरी की आशंका है। स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी है।
पंचायत ने लोगों से रेहट नाला और नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है। जलस्तर कभी भी अचानक तेजी से बढ़ सकता है, जिससे बाढ़ की स्थिति बनने के साथ बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर बच्चों को नदी-नालों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
कोरसर सहित आसपास के गांवों में खतरा तब और बढ़ सकता है, जब सोन नदी, गोपद नदी और रेहट नाला तीनों का जलस्तर एक साथ बढ़ता है। लगातार बारिश के बीच इन जलस्रोतों के जलस्तर पर नजर रखना बेहद जरूरी है।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान पुल, नदी और नालों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर रहें।
वीडियो में देखें: कोरसर के रेहट नाला में बढ़ते जलस्तर की स्थिति और पुल को छूते पानी का दृश्य।

