आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर गौरव बैनल की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में जिले के दूर-दराज क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी शिकायतों और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। इस दौरान कई प्रकरणों में संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही तत्काल निराकरण कराया गया। इससे फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को राहत मिली।
शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई में प्राप्त शेष आवेदनों को लेकर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदकों की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक प्रकरण पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

ब्यूरो चीफ :- आशीष सोनी
